जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनने और उनकी नाराजगी दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विधायक लोगों से संवाद नहीं करेंगे, तो उन्हें इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान बिजबेहाड़ा से विधायक बशीर अहमद वीरी ने अपने क्षेत्र में बढ़े बिजली बिलों और लोगों की परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार का दावा है कि लोगों को बिजली मिल रही है और समस्याएं दूर हो रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता परेशान है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जवाब में कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विधायकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों की बात सुनें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिसंबर 2023 से बिजली दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं बिलिंग या सप्लाई से जुड़ी दिक्कतें हैं, तो संबंधित विभाग को अवगत कराया जाए ताकि समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने विधायकों से अपील की कि वे जनता और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाएं।
