जम्मू: प्रदेश भाजपा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) सरकार पर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए सरकार से दो साल का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की मांग की है। शुक्रवार को जम्मू के एक्टरनगर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी प्रवक्ता डॉ. ताहिर चौधरी, जी. एल. रैना और रजनीश सेठी ने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. ताहिर चौधरी ने कहा कि चुनाव के दौरान रोजगार, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर किए गए वादों पर ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने सरकार से इन वादों की स्थिति स्पष्ट करने और अब तक किए गए कार्यों का ब्यौरा जनता के सामने रखने की मांग की।
वहीं, जी. एल. रैना ने पंचायत, बीडीसी और डीडीसी चुनावों में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों के चुनाव समय पर न होने से जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने चुनावों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
भाजपा नेताओं ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार से चुनावी घोषणाओं पर हुई प्रगति का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। पार्टी का कहना है कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि चुनाव के दौरान किए गए वादों में से कितने पूरे हुए और कितने अब भी लंबित हैं।
