उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित “नीला ड्रम कांड” में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी बेटे अक्षत प्रताप सिंह ने अपने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उससे “बहुत बड़ी गलती हो गई।” पुलिस के अनुसार, अक्षत ने अपने पिता को मौत के घाट उतारने के बाद शव को नीले ड्रम में छिपा दिया था।
मामले की जांच कर रही आशियाना पुलिस स्टेशन की टीम बुधवार को आरोपी को पूछताछ और सीन रिक्रिएशन के लिए लेकर गई। इसके बाद उसे मेडिकल परीक्षण हेतु लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल परिसर में मौजूद मीडिया से बातचीत के दौरान अक्षत ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पछतावा जताया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की असली वजह, योजना और घटना के क्रम को स्पष्ट किया जा सके। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
