पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में भारत का संतुलित और सतर्क रुख पूरी तरह सही है।
मनीष तिवारी ने स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया में केवल एक युद्ध नहीं, बल्कि कई तरह के संघर्ष एक साथ चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इजराइल, ईरान और अमेरिका के बीच जो स्थिति बनी हुई है, वह सिर्फ क्षेत्रीय मुद्दा नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़े वैश्विक समीकरण काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “यह समझना जरूरी है कि यह हमारी लड़ाई नहीं है। भारत इस पूरे घटनाक्रम में एक सीमित भूमिका वाला देश रहा है और ऐसे में सरकार का सतर्क रुख ही सबसे उपयुक्त है।”
तिवारी के इस बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव लगातार बढ़ रहा है और कई देश इस मुद्दे पर अपनी-अपनी रणनीति तय कर रहे हैं।
