संदिग्ध परिस्थितियों में 19 वर्षीय युवक ने घर में लगाया फंदा, पुलिस जांच में जुटी

अरनिया, जम्मू:

सीमावर्ती क्षेत्र के गांव कोठे कल्याणा में एक 19 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब परिजनों ने युवक को कमरे के अंदर पंखे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

मृतक की पहचान अर्जुन सिंह (19) के रूप में हुई है। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना अरनिया पुलिस थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा। इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चाचा संसार चंद ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे अर्जुन अपने कमरे में था। काफी देर तक बाहर न आने और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब खिड़की से झांककर देखा गया तो अर्जुन पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि अर्जुन सांबा और कठुआ में काम करता था। परिवार में वह अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था और दोनों बहनों की शादी हो चुकी है।

वहीं अरनिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अर्जुन के मोबाइल की तलाश कर रही है और उसकी कॉल डिटेल भी खंगाल रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!