नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 54 वर्षीय एक महिला पर अपनी ही दो बेटियों की हत्या करने और बाद में खुदकुशी की कोशिश करने का आरोप लगा है। कई दिनों तक मेडिकल और साइकोलॉजिकल जांच के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोसियों ने कई दिनों तक घर का दरवाजा बंद रहने और किसी की आवाजाही न होने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़कर अंदर दाखिल हुई।
घर के अंदर का मंजर बेहद दर्दनाक था। पुलिस को अलग-अलग कमरों में दोनों बेटियों के शव मिले। बड़ी बेटी, जिसकी उम्र करीब 34 साल बताई जा रही है और जो मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, उसका शव कमरे में बिस्तर पर मिला और उसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसकी दम घोंटकर हत्या की गई।
वहीं, दूसरी ओर 28 वर्षीय छोटी बेटी, जो कानून की पढ़ाई कर रही थी, का शव दूसरे कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उसकी हत्या की गई या उसने खुदकुशी की।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। वहीं, महिला को मेडिकल और मनोवैज्ञानिक जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
