हरियाणा के कुरुक्षेत्र में साल 2006 में हुए चर्चित बोरवेल हादसे में चमत्कारिक रूप से बचाए गए प्रिंस अब 24 साल के हो चुके हैं। कभी पूरे देश की दुआओं का केंद्र बने प्रिंस आज सामान्य जिंदगी जी रहे हैं और अंबाला में आईटीआई की पढ़ाई कर रहे हैं।
हाल ही में प्रिंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह Naveen Jindal से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रिंस पोलो मैच देखने पहुंचे थे, जहां उनकी मुलाकात कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल से हुई।
इस दौरान जिंदल ने प्रिंस से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनके वर्तमान जीवन के बारे में जानकारी ली। वीडियो सामने आने के बाद लोग प्रिंस को देखकर भावुक हो रहे हैं और उनके जीवन के इस सफर की सराहना कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 2006 में प्रिंस के बोरवेल में गिरने की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सेना और प्रशासन की टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला था, जिसके बाद वह देशभर में उम्मीद और साहस का प्रतीक बन गए थे।
