पीएसए के तहत बंद आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक आठ माह बाद रिहा हो गए हैं। हाईकोर्ट द्वारा सोमवार को पीएसए निरस्त किए जाने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। रिहा होने के बाद मेहराज मलिक जम्मू के रिहाड़ी स्थित अपने सरकारी आवास पहुंचे, जहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
रिहाई के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मेहराज मलिक ने उमर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से किए गए बड़े-बड़े वादों को पूरा नहीं किया और केवल राजनीतिक खेल खेला गया। उन्होंने सरकार को “बड़ा खिलाड़ी” बताते हुए सवाल उठाया कि आखिर जनता से किए गए वादों का क्या हुआ।
मेहराज मलिक ने अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अस्थायी कर्मचारी अपने हकों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता बताया।
समर्थकों के बीच पहुंचे मेहराज मलिक ने कहा कि उनकी लड़ाई जनता के अधिकारों के लिए थी और आगे भी जारी रहेगी। उनकी रिहाई के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, वहीं समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।
