बिश्नाह, जम्मू:
जम्मू जिले की तहसील बिश्नाह के गांव रेहाल में 20 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर शुक्रवार को दो परिवारों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में बुजुर्ग दंपति समेत कुल चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों पक्षों के बयान दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
घायल सुरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उन्होंने कुछ वर्ष पहले अनीता देवी के परिवार को 20 हजार रुपये उधार दिए थे। कई बार पैसे वापस मांगने के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। उनका कहना है कि शुक्रवार को जब उन्होंने फिर से पैसे मांगे तो अनीता देवी के परिवार के लोग उनके घर पहुंचे और मारपीट की, जिसमें वह और उनकी पत्नी शकुंतला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष की अनीता देवी ने बताया कि उन्होंने सुरेंद्र कुमार से पैसे लिए थे, लेकिन उनका आरोप है कि सुरेंद्र बार-बार रौब दिखाते थे और बदतमीजी से बात करते थे, जिससे विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। इस झड़प में अनीता देवी और उनके बेटे उदय कुमार भी घायल हुए।
घटना के बाद सुरेंद्र कुमार और शकुंतला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया, जबकि अनीता देवी और उदय कुमार का इलाज उपजिला अस्पताल बिश्नाह में जारी है।
बिश्नाह पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
