बिश्नाह से बड़ी ब्राह्मणा जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, बजरी पर फिसली बाइक।

बिशनाह

रोजी-रोटी कमाने के लिए बिश्नाह से बड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रियल एरिया जा रहे एक युवक की बुधवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल कुमार पुत्र सेवा राम, निवासी वार्ड नंबर-4, बिशना के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 10 बजे मोटरसाइकिल पर बिश्नाह से बड़ी ब्राह्मणा की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि कोठी मोड़ से आगे सड़क पर पड़ी बजरी के कारण उसकी मोटरसाइकिल अचानक फिसल गई। इसी दौरान वह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।

हादसे में राहुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जीएमसी जम्मू के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है, जिसकी चपेट में आने से राहुल की मौत हुई।

दो बहनों का इकलौता भाई था राहुल

राहुल कुमार अपने परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों के अनुसार, राहुल ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और वह बड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रियल एरिया में नौकरी कर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। रोज की तरह वह बुधवार को भी काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

मानसिक रूप से अस्वस्थ मां को नहीं दी गई बेटे की मौत की खबर

राहुल की मौत के बाद परिवार के सामने एक और भावुक स्थिति बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, राहुल की मां मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं, इसलिए उन्हें अभी तक बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। परिवार को आशंका है कि बेटे की मौत की खबर सुनकर उनकी मां की हालत और बिगड़ सकती है।

राहुल की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। दो बहनों के इकलौते भाई को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, राहुल कुमार के शव का वीरवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ-साथ अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!