जम्मू में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या पर चेम्बर प्रधान अरुण गुप्ता ने DC से की चर्चा, व्यापारियों को राहत देने की मांग

जम्मू: चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जम्मू के प्रधान अरुण गुप्ता ने नवनियुक्त डिप्टी कमिश्नर (DC) मिंगा शेरपा से मुलाकात कर उन्हें नया पदभार संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने व्यापारिक समुदाय और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।

अरुण गुप्ता ने त्योहारी सीजन के दौरान व्यापारियों और दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं, ऐसे में व्यापारियों को अपना कारोबार सुचारू रूप से चलाने के लिए अनुकूल माहौल मिलना चाहिए। इस पर डीसी मिंगा शेरपा ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान जम्मू शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और पार्किंग की कमी पर भी चिंता जताई गई। अरुण गुप्ता ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारों की संख्या बढ़ने से यातायात का दबाव बढ़ जाता है, जिससे लोगों को जाम और पार्किंग संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने जिला प्रशासन से शहर के विभिन्न उपयुक्त स्थानों पर अतिरिक्त पार्किंग जोन विकसित करने और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की मांग की, ताकि त्योहारों के दौरान बाजारों में आने वाले लोगों और व्यापारियों को राहत मिल सके।

अरुण गुप्ता ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाएगा।

इस दौरान चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जम्मू के उप प्रधान राजीव गुप्ता और कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!