श्रद्धा और उल्लास के साथ जम्मू में गूंजे भोले के जयकारे, धूमधाम से मनाई जा रही महाशिवरात्रि” 🙏

जम्मू: आज देश भर के साथ-साथ जम्मू में भी महाशिवरात्रि का पर्व बड़े श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भगवान शिव के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।

जम्मू के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का आयोजन किया गया। श्रद्धालु दूध, बेलपत्र और गंगाजल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद ले रहे हैं। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और जागरण का भी आयोजन किया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं।

शहर में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात और धार्मिक शोभायात्राएं भी निकाली गईं, जिनमें भगवान शिव, माता पार्वती और गणों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं और प्रमुख मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है।वहीं, बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है। पूजा सामग्री, फल-फूल और प्रसाद की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कई श्रद्धालु आज व्रत रखकर रातभर भगवान शिव की पूजा करेंगे।

महाशिवरात्रि को भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के रूप में भी मनाया जाता है और मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से पूजा करने पर मनोकामनाएं पूरी होती हैं। जम्मू में यह पावन पर्व हर साल की तरह इस बार भी आस्था, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!