
आर.एस.पुरा क्षेत्र स्थित ऑब्जर्वेशन होम (जुवेनाइल होम) से सोमवार शाम तीन कैदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया। फरार होने से पहले कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आज शाम करीब 5:15 बजे ऑब्जर्वेशन होम में बंद तीन कैदी —करजीत सिंह उर्फ गुग्गा (निवासी डब्लहेड, आर.एस.पुरा) मोहम्मद सुना-उल्लाह (पाकिस्तानी नागरिक)अहसान अनवर (पाकिस्तानी नागरिक)— ने मिलकर पुलिसकर्मियों पर हमला किया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। फरार कैदियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।
जम्मू पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार कैदियों को पकड़ लिया जाएगा।
