महाशिवरात्रि पर श्री माता वैष्णो देवी दरवार में श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क प्रसाद सेवा शुरू

कटरा/जम्मू: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क प्रसाद वितरण सेवा की शुरुआत कर दी है। इस सेवा का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाजों, हवन-पूजन और कन्या पूजन के साथ विधिवत रूप से किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने इस पहल का स्वागत किया और इसे बोर्ड की सराहनीय व्यवस्था बताया।

श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, प्रसाद वितरण की औपचारिक घोषणा बोर्ड की हाल ही में हुई बैठक में अध्यक्ष मनोज सिन्हा द्वारा की गई थी। महाशिवरात्रि जैसे विशेष पर्व पर इसे शुरू करने का उद्देश्य देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और पवित्र व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

बताया गया कि प्रसाद वितरण केंद्रों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से प्रसाद दिया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसके साथ ही मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

श्राइन बोर्ड ने कहा कि महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चिकित्सा, पेयजल, आवास और सुरक्षा जैसी सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर यात्रा को सुचारु बनाए रखने में जुटी हुई हैं।

स्थानीय श्रद्धालुओं और बाहर से आए यात्रियों ने बोर्ड की इस पहल को “आस्था और सेवा का संगम” बताते हुए कहा कि इससे यात्रा का अनुभव और भी सुखद हो गया है।श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, ताकि सभी भक्त सुरक्षित और सहज रूप से माता के दर्शन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!