ऊधमपुर: शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, मवेशी शेड और मकान जलकर राख, 10 पशुओं की मौत

ऊधमपुर, रामनगर (लडाना): तहसील रामनगर के गांव लडाना, मोहल्ला कलहटे में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया। आग की चपेट में आकर मवेशी शेड और रिहायशी मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस दर्दनाक हादसे में 10 पशुओं की मौत हो गई, हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लडाना निवासी कृष्ण चंद के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने पहले मवेशी शेड को अपनी चपेट में लिया और फिर रिहायशी मकान तक फैल गई।

आगजनी की इस घटना में आठ भेड़ें, एक गाय और एक कुत्ता जिंदा जल गए। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों ने आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी और भारी नुकसान हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!