श्री माता वैष्णो देवी भवन में हाई अलर्ट, कटड़ा की सुरक्षा कड़ी।

कटड़ा/जम्मू। खुफिया एजेंसियों द्वारा जारी हाई अलर्ट के बाद धर्मनगरी कटड़ा और माता वैष्णो देवी भवन की सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खुफिया इनपुट के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों, विशेषकर वैष्णो देवी भवन, को निशाना बनाने की फिराक में है। चेतावनी के बाद पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियां सतर्क मोड पर हैं।

सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए कटड़ा के प्रवेश द्वारों से लेकर भवन परिसर तक अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियों की तैनाती की गई है। क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिए यात्रा मार्ग पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

भवन परिसर में पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया विभाग की टीमें संयुक्त रूप से निगरानी कर रही हैं। अतिरिक्त जवानों की तैनाती के साथ धर्मनगरी तक सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त जारी है।

पुलिस व सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाए रखना है।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!