डेटिंग ऐप से दोस्ती, शादी के बाद धोखाधड़ी का आरोप; कोलकाता की युवती ने जम्मू में दर्ज कराई शिकायत

जम्मू: डेटिंग ऐप के जरिए हुई दोस्ती के बाद शादी और फिर धोखाधड़ी के गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। कोलकाता की एक युवती ने जम्मू के एक युवक पर शादी के बाद उत्पीड़न, जेवरात लेकर फरार होने और आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जम्मू के वूमेन सेल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, उसकी युवक से मुलाकात एक डेटिंग ऐप पर हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने शादी कर ली, लेकिन शादी के बाद युवक का व्यवहार बदल गया। युवती का आरोप है कि युवक उसके कीमती जेवरात लेकर फरार हो गया और उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद युवक के परिवार ने दहेज न मिलने पर उसे अपनाने से इनकार कर दिया और उसे प्रताड़ित किया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद वह न्याय की मांग को लेकर जम्मू पहुंची और वूमेन सेल थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!