झज्जर कोटली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन कामधेनु’ के तहत 8 मवेशी छुड़ाए, तस्कर फरार

जम्मू: झज्जर कोटली पुलिस ने ‘ऑपरेशन कामधेनु’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी के दो प्रयासों को विफल कर दिया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी के दौरान दो वाहनों से आठ मवेशियों को मुक्त कराया, जबकि दोनों मामलों में तस्कर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, झज्जर कोटली थाना पुलिस ने ऑपरेशन कामधेनु के तहत इलाके में विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पंजाल नाका प्वाइंट पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन महिंद्रा बोलेरो लोड कैरियर (JK03L-9149) को रुकने का इशारा किया।

पुलिस को देखकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें चार मवेशियों को बेहद क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने तुरंत मवेशियों को वाहन से मुक्त कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।

इसी तरह बट्टल धार रोड पर लगाए गए एक अन्य नाके के दौरान पुलिस ने एक और वाहन को रोका। जांच करने पर उसमें भी चार मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम को देखते ही इस वाहन का चालक भी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दोनों मामलों में आठ मवेशियों को सुरक्षित छुड़ाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालकों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कार्यों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!