अफवाहों पर न जाएं, पेट्रोल पंपों के बाहर भीड़ लगाना बंद करें वरना बंद करने पड़ेंगे पंप: उमर अब्दुल्ला

जम्मू, 26 मार्च:

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, एलपीजी और अन्य जरूरी सामान की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराहट में आकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं।

उमर अब्दुल्ला ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पेट्रोल पंपों के बाहर भीड़ लगाना बंद करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर लोग इसी तरह पेट्रोल पंपों के बाहर डेरा डाले रहे तो सरकार को कुछ दिनों के लिए सभी पेट्रोल पंप बंद करने का फैसला लेना पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाहों के कारण लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों के बाहर जमा हो रहे हैं, जिससे बेवजह समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “मेरी लोगों से ईमानदार अपील है कि पेट्रोल पंपों के बाहर डेरा डालना बंद करें। अगर यह स्थिति जारी रही तो अफवाहों का यह दौर खत्म होने तक हमें कुछ दिनों के लिए सभी पेट्रोल पंप बंद करने पड़ सकते हैं।”

उमर अब्दुल्ला ने बताया कि वह इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठक में भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि राज्य में ईंधन, एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाहों के आधार पर पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ लगने से हालात और खराब हो सकते हैं, जबकि वास्तविकता में किसी तरह की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!