गांव कोटला में रविवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। यह पावन कथा 29 मार्च से 5 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है। कथा के पहले दिन कथावाचक श्री हरिनाथ महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा के महात्म्य के बारे में विस्तार से बताया और भगवान की भक्ति, सत्संग और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

कथा के दौरान कथावाचक ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने से मन को शांति मिलती है और व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने बताया कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज को अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का एक माध्यम भी है।

इस धार्मिक आयोजन का आयोजन सैनी परिवार की ओर से करवाया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन कथा के दौरान भगवान के भजन-कीर्तन और प्रवचन होंगे तथा अंतिम दिन विशेष धार्मिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करें और इस पावन अवसर का पुण्य लाभ प्राप्त करें। पूरे गांव में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।
