90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री मनीषा कोइराला एक बार फिर चर्चा में हैं। हिंदी सिनेमा से लेकर तमिल फिल्मों तक अपने अभिनय का जादू बिखेरने वाली मनीषा ने अपने करियर में कई यादगार फिल्में दी हैं। नेपाल के प्रमुख राजनेता प्रकाश कोइराला की बेटी मनीषा अपने दौर की सबसे लोकप्रिय, महंगी और खूबसूरत अभिनेत्रियों में गिनी जाती रही हैं।
फिल्म “1942: ए लव स्टोरी” में उन पर फिल्माया गया मशहूर गीत “एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा”, जिसे जावेद अख्तर ने लिखा था, आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखता है। इस गीत ने मनीषा की लोकप्रियता को और भी ऊंचाइयों तक पहुंचाया था।
हालांकि, अब मनीषा कोइराला ने ग्लैमर की दुनिया में अलग रास्ता चुन लिया है। साल 2024 में संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज़ “हीरामंडी” में मल्लिकाजान का किरदार निभाकर उन्होंने शानदार कमबैक किया। हाल ही में मनीषा अपने नेचुरल ‘सॉल्ट-एंड-पेपर’ लुक में नजर आईं, जिसमें उन्होंने किसी तरह का बनावटी मेकअप या खास साज-सज्जा नहीं की थी।
अपने इस बदलाव पर मनीषा ने कहा कि अब उन्हें खुद के असली रूप में रहना अच्छा लगता है। उन्होंने कहा, “यह आज़ादी जैसा महसूस होता है, एक शांत आत्मविश्वास। अब मैं खूबसूरती के किसी तय पैमाने में फिट होने की कोशिश नहीं कर रही हूं। मैं बस जैसी हूं, वैसी ही रह रही हूं।”
मनीषा का यह नया और आत्मविश्वास से भरा अंदाज उनके फैंस को काफी पसंद आ रहा है। कई लोग उनके इस नेचुरल लुक और सोच की तारीफ कर रहे हैं।
