सांबा, 17 अप्रैल 2026: नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत सांबा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। विजयपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 9.88 ग्राम हेरोइन जैसे नशीले पदार्थ (चिट्टा) को बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, विजयपुर पुलिस की टीम ने एम्स रेजिडेंस कॉम्प्लेक्स के पास नियमित चेकिंग के दौरान राख बरोटियां की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार और उसके साथ बैठे युवक के पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है, जो जम्मू जिले के करावड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने स्कूटी समेत तस्करी में इस्तेमाल किया गया सामान भी जब्त कर लिया है।
इस संबंध में विजयपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
