जम्मू के तवी रिवर फ्रंट को और अधिक आकर्षक व हराभरा बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से यहां पाम ट्री लगाए जा रहे हैं, साथ ही व्यापक स्तर पर घास और अन्य पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह क्षेत्र आने वाले समय में स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बने।
विशेष रूप से आगामी Amarnath Yatra के दौरान श्रद्धालुओं को तवी रिवर फ्रंट पर बेहतर अनुभव मिल सके, इसके लिए इस परियोजना को प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालु यहां प्राकृतिक वातावरण, हरियाली और विकसित सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, इस विकास कार्य पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। करीब एक किलोमीटर लंबे इस लॉन क्षेत्र में 10 मीटर चौड़े आधुनिक पाथवे बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को आरामदायक आवाजाही की सुविधा मिल सके। इसके अलावा, तीन एंट्री प्वाइंट भी तैयार किए जाएंगे, जिनके माध्यम से लोग कृत्रिम झील तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
तवी रिवर फ्रंट का यह नया स्वरूप जम्मू शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। हरियाली, आधुनिक सुविधाएं और मनोरम दृश्य इस क्षेत्र को एक नया पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
