जम्मू: बिश्नाह क्षेत्र में जेडीए (Jammu Development Authority) द्वारा चलाए जा रहे एंटी-एन्क्रोचमेंट अभियान को लेकर बढ़ते विरोध के बीच स्थानीय भाजपा विधायकों ने हस्तक्षेप किया है। विधायक चंद्र प्रकाश गंगा, विधायक राजीव भगत, विधायक सुरिंदर भगत तथा विधायक प्रोफेसर गारू राम भगत ने मंगलवार को VC JDA रूपेश कुमार (IAS) से मुलाकात कर इस कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग उठाई।
विधायकों ने VC के समक्ष यह मुद्दा प्रमुखता से रखा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों ने अपनी मालिकी जमीन पर वर्षों से घर और छोटी दुकाने बना रखी हैं, जिन पर अचानक “पीला पंजा” चलाया जाना जनभावनाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आम जनता में भारी रोष है और सामाजिक असंतोष पैदा हो रहा है।
मुलाकात के दौरान विधायकों ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जब तक प्रभावित लोगों के लिए कोई वैकल्पिक समाधान या नीति नहीं बनाई जाती, तब तक इस तरह की तोड़फोड़ की कार्रवाई को रोका जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि प्रशासन जनता के साथ संवाद स्थापित करे और मानवीय दृष्टिकोण अपनाए।
सूत्रों के अनुसार, VC JDA ने विधायकों को आश्वासन दिया कि फिलहाल इस कार्रवाई को रोक दिया जाएगा और मामले की समीक्षा की जाएगी।
गौरतलब है कि बिश्नाह रिंग रोड के आसपास बने घरों और दुकानों पर जेडीए द्वारा चलाए जा रहे अभियान के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोगों में भारी विरोध देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपने आशियानों को बचाने की गुहार लगाई।
विरोध प्रदर्शन तेज होने के बाद भाजपा विधायकों ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए प्रशासन से वार्ता की, जिसके बाद अब इस अभियान पर अस्थायी रोक लगने के संकेत मिले हैं।
अब नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं, कि क्या प्रभावित लोगों के लिए कोई स्थायी समाधान निकाला जाएगा या फिर कार्रवाई दोबारा शुरू होगी।
