8.5.2026 जम्मू,
जम्मू के त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन इलाके में शनिवार को अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से तीन झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के दौरान झुग्गी में रखे गैस सिलेंडर में धमाका होने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद इलाके में धुएं का गुबार उठने लगा। पास में रहने वाली एक महिला ने धुआं उठता देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस खाली प्लॉट में मजदूर परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से झुग्गियां बनाकर रह रहे थे। आग लगने से उनका सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, स्थानीय निवासियों ने सरकार से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
