जम्मू: केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे तीन युवक रविवार सुबह तवी नदी में तैराकी और शारीरिक अभ्यास के दौरान अचानक बढ़े जलस्तर के कारण बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलने पर जम्मू पुलिस और SDRF की संयुक्त टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवकों ने विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए आवेदन किया है और जल्द ही उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) होने वाली है। परीक्षा की तैयारी के तहत वे रविवार सुबह तवी नदी में तैराकी और अन्य शारीरिक अभ्यास करने पहुंचे थे।
अभ्यास के दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण वे बीच धारा से सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके। जान बचाने के लिए तीनों किसी तरह तैरकर नदी के दूसरे किनारे तक पहुंचे, लेकिन वहां भी तेज बहाव और जलभराव के कारण काफी देर तक फंसे रहे।
घटना की सूचना मिलते ही जम्मू पुलिस और SDRF की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने नाव की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद युवकों ने बताया कि यदि बचाव दल समय पर नहीं पहुंचता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने जम्मू पुलिस और SDRF का आभार जताते हुए लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम में नदी या नालों में तैराकी अथवा अनावश्यक रूप से उतरने से बचें, क्योंकि अचानक जलस्तर बढ़ने से जान का खतरा पैदा हो सकता है।
