बारिश का कहर: जम्मू में पुराने मकान की छत गिरी, सांबा में महिला घायल

जम्मू/सांबा: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के बीच अब इसका असर लोगों के घरों और सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक जम्मू और सांबा में बारिश के कारण दो अलग-अलग हादसे सामने आए। जम्मू शहर के वेस्ट वार्ड नंबर-2 के जुलाका मोहल्ले में एक पुराने और बंद पड़े मकान की छत का हिस्सा गिर गया, जबकि सांबा जिले के सुंब ब्लॉक के गांव दुडू गोरन में कच्चे मकान की छत ढहने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जम्मू के जुलाका मोहल्ले में बुधवार सुबह करीब चार बजे पुराने मकान का हिस्सा गिरने की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। गनीमत रही कि छत अंदर की ओर गिरी। यदि मलबा गली की ओर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह दोबारा कुछ पत्थर गिरने के बाद लोग गली में इकट्ठा हो गए और आने-जाने वाले लोगों को सावधान करते रहे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मकान पहले से ही असुरक्षित घोषित किया जा चुका है और संबंधित एजेंसी की ओर से नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन अभी तक मकान को हटाया नहीं गया। लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच आसपास के लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

वहीं, सांबा जिले के सुंब ब्लॉक के गांव दुडू गोरन में बुधवार सुबह करीब 10 बजे कच्चे मकान की छत ढहने से संतोष कुमारी पत्नी सुभाष चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के समय वह कच्चे मकान की रसोई में खाना बना रही थीं। अचानक छत का हिस्सा ढह गया और महिला मलबे के नीचे दब गई।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल सांबा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मौके का जायजा लेने और पीड़ित परिवार को हर संभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

भारी बारिश को देखते हुए सांबा जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। वहीं, सुंब-सांबा-मानसर-उधमपुर मार्ग की खराब हालत के कारण लोगों को आवाजाही में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और असुरक्षित इमारतों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!