चक मोहम्मद यार में सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

आर एस पूरा । चक मोहम्मद यार इलाके में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शंटी कुमार पुत्र श्याम लाल, निवासी आगरा चक्क के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शंटी कुमार दबलेड में नाई की दुकान चलाता था। सोमवार रात दुकान बंद करने के बाद वह अपनी बाइक पर सवार होकर दबलेड से आरएसपुरा की ओर अपने घर लौट रहा था।बताया जा रहा है कि जब वह चक मोहम्मदियार के पास पहुंचा, तो सड़क किनारे खड़ी एक ट्राली से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शंटी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए उपजिला अस्पताल आरएसपुरा पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उपजिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया। मंगलवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

शंटी कुमार की मौत की खबर से उसके परिवार और गांव में शोक की लहर है। बताया गया है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से हादसे की परिस्थितियों को देखते हुए सड़क किनारे खड़ी ट्रॉलियों और अन्य वाहनों के संबंध में उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!