सांबा: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के सीमावर्ती गांव लाला चक में PIA लिखा हुआ एक पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से इलाके में चर्चा शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार, वीरवार दोपहर गांव के एक खेत में ग्रामीणों को यह गुब्बारा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, गुब्बारे के मिलने के पीछे की वजह और इससे जुड़ी अन्य जानकारियों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि सीमावर्ती इलाकों में समय-समय पर पाकिस्तान की ओर से आए हुए गुब्बारे मिलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। वहीं, सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी की कोशिशों को भी सुरक्षा बलों ने कई बार नाकाम किया है।
हालांकि, लाला चक में मिले इस गुब्बारे का किसी संदिग्ध गतिविधि से संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
