जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिदड़ा पुल के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।मृतकों की पहचान अतुल शर्मा पुत्र विजय कुमार और गुरमीत पुत्र तारा चंद, दोनों निवासी सांदवा, पौणीचक्क के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक घरों में फाल्स सीलिंग लगाने का काम करते थे और काम से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने आरोपित ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।
