रामबन जिले के नाचलना स्थित हिंगनी मोड़ पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक चालक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है, जो पाजू कलां, तहसील सफीदों, जिला जींद (हरियाणा) का निवासी था। वहीं, ट्रक का क्लीनर राहुल कुमार हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और क्यूआरटी रामसू की टीम मौके पर पहुंची। सभी ने मिलकर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और घायल को खाई से निकालकर अस्पताल भेजा।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार या सड़क के खतरनाक मोड़ के कारण हुआ हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
