बिश्नाह, जम्मू। नशा तस्करों और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जम्मू पुलिस और जिला प्रशासन ने बुधवार को संयुक्त अभियान चलाकर तीन आरोपियों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई उन अपराधियों के खिलाफ की गई है जो लंबे समय से नशा तस्करी, हिंसक अपराधों और संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इनकी गतिविधियों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।
जिन लोगों की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई, उनमें शामिल हैं—
1. गुलजार अहमद उर्फ लाहू, पुत्र बशीर अहमद, निवासी वजीरू चक, तहसील बिश्नाह।गुलजार अहमद एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न गंभीर मामलों में 28 एफआईआर दर्ज हैं।
2. फरमान अली उर्फ फल्ला, पुत्र बशीर अहमद, निवासी वजीरू चक, बिश्नाह, वर्तमान पता सरोर, सांबा।इसके खिलाफ भी 8 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
3. फरीदा बीबी उर्फ मजीदा, निवासी वजीरू चक, बिश्नाह।पुलिस के अनुसार फरीदा बीबी यूएपीए के आरोपी लाऊ गुज्जर की सहयोगी रही है तथा उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
जम्मू पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई नशा तस्करी और अपराध के नेटवर्क में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त संदेश देने के लिए की गई है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा ताकि समाज को नशे और अपराध से मुक्त बनाया जा सके।
