जम्मू:
लगातार हो रही बारिश के चलते तवी नदी पर बने प्रमुख पुलों की सड़कें एक बार फिर खस्ता हाल हो गई हैं। विक्रम चौक पुल और भगवती नगर पुल पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे इन पुलों से गुजरने वाले वाहन चालकों और अमरनाथ यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले प्रशासन की ओर से दोनों पुलों की सड़क पर तारकोल बिछाकर मरम्मत का दावा किया गया था। हालांकि, लगातार बारिश के बाद सड़क की परत कई स्थानों से उखड़ गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इन पुलों से प्रतिदिन हजारों स्थानीय वाहन, मालवाहक ट्रक और अमरनाथ यात्रा से जुड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति दुर्घटना का कारण बन सकती है। वाहन चालकों का कहना है कि गड्ढों की वजह से वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।
हालांकि प्रशासन की ओर से जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन जब तक सड़क पूरी तरह दुरुस्त नहीं होती, तब तक यात्रियों और आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही नजर आ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों पुलों की तत्काल और स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
