अमरनाथ यात्रा बहाल होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह, एक दिन में 1733 यात्रियों ने कराया तत्काल पंजीकरण

जम्मू, 26 जुलाई:

अमरनाथ यात्रा दोबारा शुरू होने की सूचना मिलते ही विभिन्न स्थानों पर रुके श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यात्रा बहाल होने की खुशी केवल श्रद्धालुओं तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि लंगर सेवकों, सुरक्षा बलों और जम्मूवासियों में भी उत्सव जैसा माहौल बन गया। भगवती नगर यात्री निवास से लेकर रिवर फ्रंट तक पूरा इलाका “बाबा बर्फानी”, “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा।

हालांकि मौसम अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है और मौसम विभाग ने अगले सप्ताह भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे रिवर फ्रंट स्थित तत्काल पंजीकरण केंद्र पर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पंजीकरण का कार्य सुबह से लेकर देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान 1,733 श्रद्धालुओं ने तत्काल पंजीकरण कराया।

वहीं, भगवती नगर यात्री निवास में भी देर शाम तक लगभग 4,000 श्रद्धालु पहुंच चुके थे। यात्रा बहाल होने के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

फिलहाल श्री अमरनाथ यात्रा केवल बालटाल मार्ग से संचालित की जा रही है। पहलगाम मार्ग से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी फिलहाल बालटाल मार्ग से ही रवाना किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि मौसम पूरी तरह अनुकूल होने के बाद ही पहलगाम मार्ग से यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

इस बीच, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित हो।

शनिवार को 1,733 श्रद्धालुओं ने तत्काल पंजीकरण कराया। यात्रा बहाल होने के बाद श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!